
रायगढ़ :रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल के गायनिक वार्ड के बाथरूम में एक मरीज ने आत्महत्या कर ली। सुबह मरीज का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मामले की जानकारी मिलते ही अस्पताल के डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भीखमपुरा गांव का रहने वाला 55 वर्षीय नारद लहरे पीलिया की बीमारी से पीड़ित थे।
वह रविवार दोपहर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती हुए थे। मंगलवार सुबह नारद गायनिक वार्ड के बाथरूम में गए। वहां उन्होंने अपनी फुलपैंट से फंदा बनाया और फांसी लगा ली। सुबह सफाई कर्मियों ने बाथरूम में उनका शव देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। अस्पताल के डॉक्टर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मरच्युरी में रखवा दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मरीज ने आत्महत्या क्यों की, इसका कारण सामने नहीं आया है।
सुबह 5 बजे से बेड से गायब था मरीज
इस मामले में अस्पताल अधीक्षक डॉ. दुर्गा शंकर पटेल ने बताया कि मंगलवार सुबह सफाई कर्मी ने गायनिक वार्ड के सामान्य बाथरूम में मरीज को फांसी के फंदे पर लटका देखा। इसके बाद अस्पताल के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। जांच में पता चला कि मरीज मेडिसिन वार्ड का था और सुबह करीब 5 बजे से अपने बेड से गायब था। अस्पताल में उसकी तलाश की जा रही थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पूछताछ में यह भी पता चला कि मरीज शराब पीने का आदी था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
