रायपुर। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति (अजा) मोर्चा ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेशभर में प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। इस क्रम में वरिष्ठ नेता हरिनाथ खूंटे को रायपुर संभाग का प्रभारी बनाया गया है।
प्रदेश अजा मोर्चा अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े के निर्देशानुसार जारी सूची में संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। मोर्चा का उद्देश्य पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाना और कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय करना है।

नई जिम्मेदारी के तहत हरिनाथ खूंटे रायपुर संभाग में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे। उनके सहयोग के लिए श्रीमती चन्देश्वरी बांधे को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इस संगठनात्मक फेरबदल को आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे मोर्चा की पकड़ प्रदेश के सभी संभागों में और मजबूत होने की उम्मीद है।
