
सारांश
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में मौत
बुधवार सुबह क़रीब 9 बजे बारामती के पास विमान दुर्घटनाग्रस्त, मुंबई से आ रहा था
विमान में सवार दो क्रू मेंबर समेत चार अन्य लोगों की भी मौत
यह VTSSK-LJ45 चार्टर विमान था
अजित पवार के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी समेत कई लोगों ने जताया दुख
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की एक विमान हादसे में मौत हो गई है.
ये विमान बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ़ सिविल एविएशन (डीजीसीए) के मुताबिक़ बुधवार सुबह ये हादसा हुआ.
विमान में अजित पवार के अलावा चार अन्य लोग सवार थे जिसमें दो क्रू मेंबर और अजित पवार के दो सहयोगी भी थे. डीजीसीए के मुताबिक़ हादसे में किसी के बचने की उम्मीद नहीं है.
बीबीसी मराठी से बात करते हुए, अजित पवार के निजी सहायक अनिल ढिकले ने भी दुर्घटना की खबर की पुष्टि की.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह 8.48 बजे विमान की क्रैश लैंडिंग के दौरान हुई.
अजित पवार के सुरक्षा गार्ड भी उनके साथ विमान में थे.
यह चार्टर विमान था, जो VTSSK, LJ45 था, और यह मुंबई से बारामती जा रहा था.
बारामती हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान ये विमान रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई.
पीएम मोदी ने जताया दुख
अजित पवार के निधन पर कई नेताओं ने दुख ज़ाहिर किया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, “श्री अजित पवार जी जनता के नेता थे, जिनका ज़मीनी स्तर पर मज़बूत जुड़ाव था. महाराष्ट्र की जनता की सेवा में अग्रिम पंक्ति में रहने वाले एक कर्मठ व्यक्तित्व के रूप में उन्हें व्यापक सम्मान हासिल था. प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीब व वंचित वर्ग को सशक्त करने का उनका जज़्बा भी उल्लेखनीय था. उनका असमय निधन बेहद चौंकाने वाला और दुखद है. उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं. ओम शांति.”
